डिजिटल डेस्क : पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। महिला की पहचान 32 साल की प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट संहित पॉल और मृतक की पहचान फोटोग्राफर सार्थक दास के रूप में हुई है। ये वारदात उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद हुई जिसमें उसने सोशल मीडिया अकाउंट पर फैमिली फोटो शेयर की थी।
आरोपी महिला तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है। वारदात से पहले मृतक सार्थक दास ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बेटरहाफ, लव ऑफ माय लाइफ और फैमिली जैसे हैशटैग के साथ अपनी, संहित पॉल और बेटे की तस्वीरें शेयर कीं। रिपोर्ट की मानें तो यह कपल करीब डेढ़ साल से एक किराए के फ्लैट में लिव-इन रह रहा था। हालांकि इन दोनों के बीच कई बातों को लेकर झगड़े होते रहते थे। बुधवार को संहित पॉल ने इसी गुस्से में सार्थक दास को कई बार चाकू से गोदा। इसके बाद खुद ही पुलिस को फोन करके क्राइम की जानकारी देते हुए बुला लिया। कॉल मिलने के तुरंत बाद पुलिस कोलकाता के उत्तर 24 परगना में स्थित दमदम इलाके में इस कपल के अपार्टमेंट में पहुंची। रूम में उन्हें खून से सना सार्थक का शव मिला, जिस पर चाकू से कई वार के निशान थे। हालांकि, सार्थक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूछताछ में महिला ने यह कबूल किया है कि उसने ही सार्थक दास की हत्या की है।हालांकि, सार्थक की हत्या के पीछे की वजहों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने महिला को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। बैरकपुर के डीसीपी (साउथ जोन) अनुपम सिंह ने बताया, ‘हमने महिला को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर लिया। उसने अपराध कबूल कर लिया।’