नमक अगर खाने में कम पड़ जाए तो आप बाद में इसमें नमक डालकर ठीक कर सकते हैं, लेकिन अगर यह अधिक पड़ गई तो सारे खाने का स्वाद बर्बाद हो सकता है। अगर आपके साथ भी कुछ ऐसा होता है तो इस बड़ी सी समस्या का सिंपल समाधान जानिए। आप इस सब्जी में कुछ चीजों को मिलाकर नमक के स्वाद का कम कर सकते हैं और इसे खाने लायक बना सकते हैं।
भुना बेसन : अगर आपके घर में बेसन है तो झट से इसे तवे पर भून लें और ठंडा कर लें। अब आप सब्जी को गैस पर रखें और भूने बेसन को सब्जी में अच्छी तरह से मिलाकर ढंक दें। सब्जी का स्वाद बढ़ जाएगा और नमक की परेशानी भी दूर हो जाएगी।
आटे की गोली : अगर आपके दाल या सब्जी के रस में नमक अधिक पड़ गया है तो आप इसमें आटे की छोटी-छोटी लोई बनाकर डाल दें। ऐसा करने से आटे की ये गोलियां सब्जी के नमक को सोख लेंगी और करी भी गाढ़ा नहीं होगा।
ब्रेड आएगा काम : अगर नमक अधिक हो गया है तो आप फ्रिज में पड़ा ब्रेड लें और बेहतर होगा कि लास्ट ब्रेड जो आकार में थोड़ा मोटा होता है, उसे लें और करी में डाल लें। ऐसा करने से सब्जी में नमक की मात्रा कम हो जाएगी।
उबले आलू का प्रयोग : सब्जी में नमक ज्यादा पड़ गई तो आप उबला आलू लें और मैश कर सब्जी में मिला लें। कुछ देर कम आंच पर सब्जी को ढंककर पकाएं। नमक तो कम होगा ही स्वाद भी अच्छा हो जाएगा।
नींबू या दही : अगर आप ऐसी सब्जी बना रहे हैं जिसमें खट्टापन लाने में परेशानी नहीं है तो आप दही या नींबू डालकर नमक के प्रभाव को कम कर सकते हैं। ये स्वाद को बढ़ाएगा भी और नमक की समस्या को दूर भी करेगा।