कटिहार के 50 साल के कालिदास बनर्जी पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूक हैं। इसके साथ ही उनमें देशभक्ति की भावना भी कूट-कूटकर भरी हुई है। बस इसी भावना से प्रेरित होकर अपनी आन बान और शान तिरंगे के रंग से उन्होंने अपने बगीचे के साड़े चार सौ पेड़ को रंग दिया। उनका यह जुनून आज चर्चा का विषय बन गया है और उनका बगीचा टूरिस्ट प्लेस। जो भी लोग बगीचा देखने आ रहे काली दादा के देशभक्ति के जज्बे को सलाम कर रहे हैं। लगभग 10 एकड़ के अपने बगीचे के साड़े चार सौ पेड़ पर तिरंगा बनाकर कटिहार के रौतारा थाना क्षेत्र के रामकृष्ण रोड वार्ड नंबर 6 के निवासी कालिदास बनर्जी ने नया कीर्तिमान रच दिया है। कालिदास बनर्जी पहले से ही पर्यावरण और समाज को लेकर बेहद जागरूक हैं।
कालिदास बनर्जी कहते हैं अपने तिरंगा की शान को लेकर हर भारतीय हमेशा उत्साहित रहते हैं। आने वाले दौर में नई पीढ़ी के लोगों के बीच पर्यावरण को लेकर जागरूकता के साथ साथ तिरंगा को लेकर अभिमान कायम रहे इसलिए बगीचे के 450 से अधिक पेड़ों को तिरंगा रंगवाया है। काली दादा ने बताया कि पिछले दस दिनों से अधिक समय से खुद मौजूद रह कर दस से बारह मजदूरों के सहयोग से अपने बगीचे के साड़े चार सौ पेड़ों को रंगवाया है। इनमें अधिकतर आम के पेड़ हैं। गांव के लोग, खास कर युवा अपने काली दादा के इस पहल से खासा उत्साहित हैं। ग्रामीण युवा प्रीतम कहते हैं काली दादा की इस सोच से इस इलाके को नई पहचान मिल गयी है। लोग दूर दूर से इस बगीचे को देखने आ रहे हैं।