पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मोदी की गारंटी का दावा करते हुए कहा कि मोदी जो गारंटी देता है उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक करने का हौसला भी रखता है। इसलिए आज नॉर्थ-ईस्ट के लोगों को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। खानापाड़ा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय के मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में सालों-साल से जो इलाके अशांत थे, वहां अब स्थायी शांति स्थापित हो रही है। राज्यों के बीच सीमा विवाद हल हो रहे हैं। मोदी ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने कभी यहां शांति स्थापित करने पर ध्यान नहीं दिया। भाजपा सरकार बनने के बाद यहां 10 से अधिक बड़े शांति समझौते हुए हैं। पिछले कुछ वर्षों में यहां के हजारों युवाओं ने हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास का रास्ता चुना है। एक वक्त में मैंने असम में पार्टी के लिए काम किया था। मैं यहां हर इलाके में घुमा हुआ इंसान हूं। मैंने अपनी आंखों से गुवाहाटी में सड़कें अवरुद्ध होने और बम विस्फोट की घटनाएं देखी हैं। यह अब बीते वक्त की बात है और उसकी जगह अब लोग शांति से जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सकारात्मक नीतियों के कारण असम के 7 हजार से ज्यादा नौजवानों ने हथियार छोड़े हैं और देश के विकास में कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि कई जिलों से सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) अधिनियम, 1958 (आफस्पा)हटाया गया है। जो क्षेत्र हिंसा प्रभावित रहे हैं आज वो अपनी आकांक्षाओं के अनुसार अपना विकास कर रहे हैं और सरकार उनकी पूरी मदद कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को आईना दिखाते हुए कहा कि छोटे लक्ष्य रखकर कोई भी देश, कोई राज्य तेज विकास नहीं कर सकता। पहले की सरकारें ना बड़े लक्ष्य तय करती थीं और ना ही अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए उतनी मेहनत करती थीं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत गठबंधन की सरकार ने पहले की सरकारों की इस सोच को भी बदल दिया है। मैं नॉर्थ ईस्ट को उसी तरह विकसित होते देख रहा हूं, जैसा पूर्वी एशिया को दुनिया देखती है। आज नॉर्थ ईस्ट होते हुए दक्षिण एशिया और पूर्वी एशिया की कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। आज यहां साउथ एशिया सब-रीजनल इकॉनॉमिक कोऑपरेशन के तहत भी अनेक सड़कों को अपग्रेड करने का काम शुरू हुआ है।
आप कल्पना कीजिए जब कनेक्टिविटी के ऐसे सभी प्रोजेक्ट पूरे होंगे, तो ये हिस्सा व्यापार-कारोबार का कितना बड़ा केंद्र बनेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं जानता हूं कि असम व नॉर्थ-ईस्ट के हर युवा का भी यही सपना है कि वो भी पूर्वी एशिया जैसा विकास यहां देखें। मैं असम सहित नॉर्थ-ईस्ट के हर युवा को बताना चाहता हूं कि आपका सपना अब मोदी का संकल्प बन गया है और आपके सपने पूरे हों, इसके लिए मोदी अपनी तरफ से कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगा। यह मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि ये जो भी काम आज हो रहे हैं, इनका एक ही लक्ष्य है, लक्ष्य है भारत और भारतीयों का सुखी और समृद्ध जीवन, लक्ष्य है भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाने का, लक्ष्य है, 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का, इसमें असम की नॉर्थ ईस्ट की बहुत बड़ी भूमिका है।