पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जवाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 फरवरी को असम में रोड शो करेंगे। दिल्ली स्थित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि इस उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री 3 फरवरी को देर रात असम पहुंचेंगे। दिल्ली में असम हाउस में मौजूद मंत्री अशोक सिंघल ने भी प्रधानमंत्री के असम दौरे की पुष्टि की। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने बहुत कम समय में नरेंद्र मोदी के असम दौरे को अंतिम रूप दिया। प्रधानमंत्री के असम दौरे से पहले मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा मंगलवार शाम 4ः30 बजे दिल्ली पहुंचे। मुख्यमंत्री शाम 6.30 बजे पार्टी मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने चुनावी तैयारियों के अलावा प्रधानमंत्री के असम दौरे पर भी चर्चा की। उनका कल सुबह गुवाहाटी लौटने का कार्यक्रम है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की सफलता के बाद भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने असम में अपनी संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ा दी है। बहुत कम समय में प्रधानमंत्री के असम दौरे और रोड शो में शामिल होने को असम में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साइड इफेक्ट के तौर पर देखा जा रहा है। समझा जाता है कि प्रधानमंत्री इस रैली के माध्यम से राज्य में लोकसभा चुनाव की तैयारी का श्रीगणेश करेंगे।
असम में 4 फरवरी को पीएम मोदी का रोड शो