पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव के दिन नजदीक आ रहे हैं, विभिन्न राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय नेतृत्व का असम का दौरा भी बढ़ते जा रहा है। सत्तारूढ़ भाजपा नेतृत्व के साथ-साथ विपक्षी कांग्रेस और अन्य दलों का राष्ट्रीय नेतृत्व लगातार असम का दौरा कर रहा है। विपक्षी कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी ने बुधवार को भी असम में सदिया से धुबड़ी तक अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा जारी रखी है। कांग्रेस के दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खडग़े, जितेंद्र सिंह, केसी बेणुगोपाल, जयराम रमेश और कन्हैया कुमार भी कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुए हैं।  कांग्रेस के रथी-महारथियों की इस भीड़ के विपरीत सत्तारूढ़ भाजपा नेतृत्व भी पीछे नहीं रहे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी एक हफ्ते पहले गुवाहाटी में डेरा डाले हुएथे। उन्होंने पार्टी कार्यकारिणी की बैठकों में भाग लेने के अलावा गुवाहाटी में एक रोड शो में हिस्सा लिया।

जेपी नड्डा के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी कुछ दिन पहले असम में गुवाहाटी समेत कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। असम के दो दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री को गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र के तट पर एक पार्क का उद्घाटन करते भी देखा गया। भाजपा के इन दोनों शीर्ष नेताओं के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार चुनाव प्रचार के लिए असम का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोरहाट के होलोंगापार में ऐतिहासिक लाचित मैदाम में 150 करोड़ रुपए की लागत से बन रही लाचित बरफुकन की विशाल प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रधानमंत्री का दौरा फरवरी के मध्य में प्रस्तावित है। इसलिए होलोंगापार मैदाम में लाचित की 125 फुट ऊंची प्रतिमा का निर्माणकार्य तेज किया गया है। महावीर लाचित बरफुकन की कांस्य प्रतिमा बनकर तैयार होने वाली है और इसे लेकर लाचित मैदाम संरक्षण समिति और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है।

गौरतलब है कि 2022 में तत्कालीन राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने लाचित बरफुकन सांस्कृतिक परियोजना का शिलान्यास किया था। 2023 के मार्च से ही निर्माण कार्य जोरों पर चल रहे हैं। लोकसभा चुनाव की तारीख के ऐलान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम में चुनाव प्रचार करने की योजना बना रहे हैं। इसलिए, असम सरकार लाचित की एक मूर्ति का अनावरण करने की योजना बना रही है।