कोविड-19 के प्रकोप ने पूरी दुनिया को ये बता दिया है कि इम्यूनिटी मजबूत होना कितना अहम है। ये हमारे शरीर को कई बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। क्योंकि, जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर होती है, वे अक्सर बीमार पड़ते रहते हैं। उनके लिए सर्दी, जुकाम, पेट दर्द और सुस्ती जैसी समस्याएं आम हो जाती है। ऐसे में इन बीमारियों से बचने के लिए आपको अपनी इम्यूनिटी पर ध्यान देना जरूरी हो जाता है। यहां पर हम खान-पान में शामिल करने के लिए कुछ फूड्स के बारे में बताने जा रहे हैं जो इम्यून सिस्टम को बूस्ट कर सकते हैं।

खट्टे फलों का सेवन : एक्सपर्ट भी सलाह देते हैं कि खट्टे फलों के सेवन से इम्यूनिटी पावर बढ़ती है, क्योंकि इसमें विटामिन सी का मुख्य स्रोत होता है। साथ ही ये विटामिन सफेद रक्त कोशिकाओं के निर्माण में मदद करते हैं ताकि संक्रमण से लडऩे में शरीर सक्षम हो सके। इसके लिए आप डाइट में संतरे, नींबू, कीनू और अंगूर समेत खट्टे फलों को शामिल कर सकते हैं। वैसे सबसे अधिक विटामिन सी संतरे में होता है। 

कीवी : कई पोषक तत्व और विटामिन सी से भरपूर कीवी हमारी इम्यूनिटी को बूस्ट करने के सबसे अच्छे फलों में से एक है। इसमें अधिक मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो इम्यूनिटी को स्ट्रांग करता है। रोज इसके जूस का एक कप आपकी सेहत को बेहतरीन फायदे पहुंचा सकता है। लेकिन, ब्लीडिंग डिसऑर्डर की समस्या होने पर कीवी का सेवन नहीं करना चाहिए।

मछली का सेवन : मजबूत इम्यूनिटी के लिए आपको वसायुक्त मछली (जैसे सैल्मन और ट्यूना) खानी चाहिए। इन मछलियों में पर्याप्त मात्रा में स्वस्थ ओमेगा -3 फैटी एसिड होता है, जो प्रतिरक्षा कार्य को बढ़ा सकते हैं। ओमेगा-3 सूजन को कम करने में मदद कर सकता है और आपके शरीर की बीमारियों से बचने की क्षमता को बढ़ा सकता है।

लहसुन : इम्यूनिटी बूस्ट करने में आपकी मदद लहसुन भी कर सकता है, क्योंकि ये एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। इसकी कलियों में सल्फर कंपाउंड होते हैं, जो इम्यूनिटी पर पॉजिटिव प्रभाव डालते हैं। रोजाना इसकी एक कली का सेवन करने से आपका शरीर संक्रमण फैलने वाले वायरस और बैक्टीरिया से लडऩे के लिए तैयार हो जाता है।

ब्रोकली : फूल गोभी जैसे दिखने वाली ब्रोकली विटामिन ए, के, सी, फोलेट और फाइबर से भरपूर होती है, जो हमारी इम्युनिटी को मजबूत करने में काफी मदद कर सकती है। रोजाना इसका सेवन करने से शरीर में बीटा-कैरोटीन की मात्रा बढ़ जाती है, जो कि इम्यून सेल्स और कैंसर से लडऩे वाली कोशिकाओं को बढ़ाने के लिए जिम्मेदार होते है। ऐसे में मजबूत इम्यूनिटी के लिए ब्रोकली का सेवन कर सकते हैं।