गुवाहाटी: गुवाहाटी सहित पूरे पूर्वोत्तर में नए साल की अगवानी धूमधाम और रोशनी के साथ की गई। हजारों लोगों ने बेहद जोश के साथ नए साल का स्वागत  किया। उल्लेखनीय है कि जैसे ही घड़ी की सुई 12 बजे के कांटा से स्पर्श हुई वैसे ही राजधानी शहर गुवाहाटी सहित पूरे पूर्वोत्तर में लोगों ने बड़े ही गर्मजोशी के साथ नववर्ष-2024 का स्वागत किया। इस दौरान शहर गुवाहाटी पटाखों की गूंज एवं रोशनी से जगमग उठा। लोगों ने वर्ष 2023 की विदाई और नववर्ष 2024 का अभिनंदन किया। पूर्वोत्तर के प्रमुख शहरों में लोग रविवार की शाम से ही नववर्ष के जश्न में डूबे रहे। गुवाहाटी की फिजा में हर तरफ  नया साल मुबारक, हैप्पी न्यू ईयर की गूंज सुनाई देने लगी।

नए साल की शुरुआत होने के साथ ही लोगों द्वारा अपने दोस्तों, रिश्तेदारों को शुभकामनाएं देने का सिलसिला शुरू हो गया। मालूम हो कि गुवाहाटी सहित पूर्वोत्तर के छोटे-बड़े शहरों के रेस्तरां नव वर्ष के स्वागत में गुलजार दिखे। महानगर गुवाहाटी में होटलों व रेस्ताराओं में नव वर्ष के स्वागत में लोग जश्र में डूबे दिखे। युवा 2023 को अलविदा कहकर 2024 के आगमन की पार्टी की। शहर से लेकर गांव तक हर कोई नव वर्ष के जश्न में सराबोर रहा। रात में गुवाहाटी के हर इलाके में युवाओं ने नए साल के आगमन को लेकर जमकर आतिशबाजी की। डीजे की धुन पर पूरी रात में घंटों लोग झूमते रहे।

यहां बताते चलें कि नए साल के स्वागत को लेकर युवाओं में इस बार काफी उत्साह देखा गया। वहीं नए साल के मद्देनजर गुवाहाटी पुलिस की ओर से चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था। शराब पीकर कोई हुड़दंग नहीं करे इसके लिए पूरी तरह से गुवाहाटी पुलिस मुस्तैद रही।