नई दिल्ली : ठंड के दिनों में अब वातानुकूलित कोच के किसी भी यात्रियों को ठिठुरना नहीं पड़ेगा। आरएसी वाले यात्रियों को भी बेडरोल किट देने का रेलवे ने निर्णय लिया है। आरएसी वाले बर्थ के दोनों यात्रियों को अलग-अलग बेडरोल दिया जाएगा। इसमें यात्रियों को चादर, तकिया, कंबल और तौलिया दिया जाएगा। रेलवे बोर्ड की तरफ से जारी निर्देश में कहा गया है कि वातानुकूलित कोच में रिजर्वेशन टिकट लेते वक्त ही यात्रियों से बेडरोल किट का भुगतान करा लिया जाता है।
लिहाजा अब पूरा बर्थ जिस यात्री को नहीं मिल रहा है और वह रिजर्वेशन एगेंस्ट कैंसिलेशन (आरएसी) टिकट पर यात्रा कर रहा है तो उसे भी बेडरोल लेने का उतना ही अधिकार है जितना कन्फर्म बर्थ वाले को है। प्रिंसिपल एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर रेलवे बोर्ड शैलेन्द्र सिंह की ओर से जारी किए गए आदेश में नई व्यवस्था को तत्काल लागू करने के लिए कहा गया है। नए साल के पहले रेलवे ने यात्रियों को राहत भरी खबर दी है। पहले आरएसी सीट वाले यात्रियों को रेलवे एसी कोच में बेडरोल नहीं देता था।
अब वैसे सभी यात्रियों को बेडरोल मिलेगा जो आरएसी टिकट पर यात्रा करेंगे। बेडरोल नहीं मिलने की स्थिति में यात्रियों को खुद कंबल और चादर लेकर चलना पड़ता था। इससे अतिरिक्त सामान का बोझ उन्हें उठा कर चलना पड़ता था या कोच निरीक्षक को अतिरिक्त पैसा देकर खुद इंतजाम करना पड़ता था। लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं आएगी। बेडरोल दोनों यात्रियों को मिलने से आपसी खींचतान भी यात्रियों में नहीं होगी।