मॉस्को : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन देश को संबोधित करते हुए कहा कि यूक्रेन पश्चिमी देशों के टुकड़ों पर जी रहा है। पश्चिमी देश लगातार उसे मदद भेज रहे हैं, हथियार दे रहे हैं, लेकिन ये सप्लाई एक दिन रुक जाएगी। पश्चिमी देशों ने इस बात की पूरी कोशिश की कि रूस और यूक्रेन में कभी अच्छे रिश्ते न बन पाएं। यूक्रेन में शांति तब होगी जब हम अपने मकसद को पूरा कर लेंगे। हमारा लक्ष्य अब भी पहले जैसा ही है। दुनिया देख रही है कि रूस अपने हितों के लिए लडऩे से नहीं डरता है। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन को सेना से मुक्त करना हमारे एजेंडे में है। यूक्रेन शांति पर बात नहीं करना चाहता है इसलिए हम मिलिट्री एक्शन ले रहे हैं। उनके राजनेता लापरवाही के साथ अपने ही सैनिकों को बर्बाद कर रहे हैं।
यूक्रेन खुद ही अपनी बर्बादी का रास्ता बना रहा है। हम अब तक यूक्रेन में हजारों टैंकों को तबाह कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि रूस शांति के लिए तैयार है, लेकिन पश्चिमी देश ऐसा बर्ताव करते हैं, जैसे उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता। यूरोपीय देश अपनी संप्रभुता खो चुके हैं। वो अमरीका से ऑर्डर लेते हैं। इसके बावजूद हम अब भी अमरीका से बात करने के लिए तैयार हैं। हमारा मानना है कि अमरीका दुनिया के लिए जरूरी है। पुतिन ने कहा कि हमने यूरोपियन यूनियन के साथ कभी भी रिश्ते खराब नहीं किए। वो हमेशा हमें पीछे धकेलते रहते हैं।