खांडवा : मध्य प्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव की तारीख निकट आ रही है, वैसे-वैसे नेताओं की सियासी बयानबाजी भी तेज हो चली है। बुधवार को एमपी के खांडवा में प्रचार करने पहुंचे असम के सीएम  हिमंत विश्वशर्मा ने किसी भी समुदाय का नाम लिए बिना कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया। उन्होंने यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि गलती से भी कांग्रेस को वोट नहीं दीजिए, कांग्रेस को वोट देने का मतलब देश में  बाबर लोगों को बढ़ावा देना है। चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए असम के सीएम ने कहा कि अगर आप कांग्रेस को वोट देते हैं तो औरंगजेब लोगों को विटामिन मिलता है। इस जगह पर अगर कांग्रेस जीतती है तो देश के बाबर और औरंगजेब देश के कोने-कोने में हमारे लोगों के ऊपर अत्याचार शुरू कर देते हैं।

हिमंत विश्वशर्मा यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस जीती, कर्नाटक में रोज क्या हल्ला होता है आप खुद सुनते रहिए। कहां से बाबर और औरंगजेब लोगों को ऑक्सीजन मिल गया पता नहीं। कांग्रेस के जीतते ही ये लोग हल्ला शुरू कर देते हैं, इसलिए भाइयों और बहनों, कांग्रेस का हिंदुत्व हमको ठुकराना है। कांग्रेस को हमको वोट नहीं देना है।  हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह हिंदुओं के खिलाफ इतना बोलते हैं कि मुझे गुस्सा आता है। हर दिन हिंदुओं के खिलाफ बोलना उनका फैशन है।

कमलनाथ बोलते हैं कि वह हनुमान भक्त हैं और अगर दिग्विजय सिंह अपना मुंह खोलते हैं तो हिंदुओं को गाली देने के लिए और जब मुंह बंद करते हैं तो हिंदुओं को गाली देने के बाद। इन दोनों के बीच में कपड़ा फाड़ने का सिलसिला होना ही चाहिए... जब तक कांग्रेस पार्टी देश से खत्म नहीं होगी तब तक समस्या बढ़ती ही जाएगी।