एजल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 30 अक्टूबर को चुनावी राज्य मिजोरम के ममित का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। भाजपा की राज्य इकाई के मीडिया संयोजक जॉनी लालथनपुइया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मोदी के स्थान पर मिजोरम का दौरा करेंगे, लेकिन उनके चुनाव प्रचार की तारीख अभी तय नहीं हुई है। लालथनपुइया ने हालांकि मोदी का दौरा रद्द किये जाने का कोई कारण नहीं बताया।
लालथनपुइया ने कहा कि भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सोमवार को मिजोरम में प्रचार करने की संभावना है। मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए सात नवंबर को मतदान होगा। उन्होंने कहा कि शाह ममित और राज्य के दक्षिणी हिस्से का दौरा करेंगे। भाजपा ने 2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों में 39 सीट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन इस बार पार्टी ने 23 उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने शुक्रवार को मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया था, जिसमें सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का वादा किया गया है।