वैसे तो अपने शरीर को स्वस्थ रखने का प्रयास हमेशा करना चाहिए। लेकिन कोरोना संक्रमण के दौर में यह जिम्मेदारी कहीं अधिक बढ़ जाती है। इस समय हमें विशेषतौर से अपने लंग्स यानी फेफड़ों का ध्यान रखने की जरूरत है। आइए, जानते हैं कि आप अपने खाने में ऐसा क्या शामिल करें, जो डेली रूटीन लाइफ में प्राकृतिक तरीके से ही आपके फेफड़ों को स्वस्थ रख सके।
पेपरमिंट टीः पेपरमिंट सांस संबंधी बीमारियों को ठीक करने का एक सदियों पुराना नुस्खा है। लंग्स की सफाई करने और उन्हें हेल्दी बनाने में मिंट बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आप चाहें तो दिन में एक से दो बार मिंट टी का सेवन करके अपने लंग्स को इंफेक्शन से लड़ने की मजबूती दे सकते हैं।
ग्रीन-टीः ग्रीन टी में पॉलिफेनॉल्स और ऐंटिइंफ्लामेट्री प्रॉपर्टीज होती हैं, जो वायरस को खत्म करने और उसके कारण बढ़नेवाली सूजन को नियंत्रित करने में सहायक होती है। यदि आप कोरोना संक्रमण से जुड़ी जरूरी जानकारी लगातार पढ़ते हैं तो आपको पता होगा कि कम वायरस लोड के वक्त यदि काढ़ा, गर्म पानी या ग्रीन-टी जैसी चीजों का उपयोग कर लिया जाए तो वायरस को बढ़ने से रोका जा सकता है।
शहद है बहुत लाभकारीः शहद प्राकृतिक रूप से कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। शहद के अंदर ऐंटिबैक्टीरियल प्रॉपर्टीज पाई जाती हैं। आयुर्वेद के अनुसार श्वसनतंत्र को मजबूत बनाए रखने में और इंफेक्शन फ्री रखने में शहद बहुत अधिक गुणकारी होता है।
फेफड़ों को स्वस्थ रखती है हल्दीः कोरोना संक्रमण के दौरान सबसे पहले सांस लेने में समस्या होती है। इसके साथ ही बुखार, तेज सिरदर्द, सूखी खांसी और छींक आना आम बात है। इन सभी समस्याओं से बचाने में हल्दी का सेवन बहुत अधिक लाभकारी है। आपको याद दिला दें कि कोरोना संक्रमण के दौरान सूखी खांसी होती है। सूखी खांसी में हल्दी मिला दूध पीने पर बहुत राहत मिलती है।
लहसुन बचाए गले और फेफड़ों के इंफेक्शन सेः हो सकता है कि कच्चे लहसुन का स्वाद आपको पसंद ना आए। लेकिन लहसुन में बहुत ही पॉवरफुल ऐंटिबायॉटिक्स पाए जाते हैं। ये हमारे फेफड़ों में सूजन, संक्रमण या घाव नहीं बनने देते हैं। लंग्स की सफाई करने और उन्हें साफ रखने का काम ये बहुत ही अच्छे तरीके से करते हैं।