बेंगलुरु : कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल (सेक्युलर) के साथ तालमेल करेगी। येदियुरप्पा की इस घोषणा ने राज्य में सियासी तापमान बढ़ा दिया है। भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य येदियुरप्पा ने कहा कि चुनावी तालमेल के तहत जद (एस) कर्नाटक में 28 संसदीय क्षेत्रों में से चार पर चुनाव लड़ेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मैं इसे लेकर खुश हूं कि देवेगौड़ा जी ने हमारे प्रधानमंत्री से मुलाकात की और उन्होंने चार सीट तय कर ली हैं। मैं इसका स्वागत करता हूं।
भाजपा और जद (एस) के बीच तालमेल होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जद (एस) को चार लोकसभा सीट देने के लिए राजी हो गए हैं। येदियुरप्पा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इसने हमें काफी ताकत दी है और इससे साथ मिलकर हमें 25-26 लोकसभा सीट जीतने में मदद मिलेगी। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनावों में कर्नाटक में 25 सीट पर जीत हासिल की थी, वहीं, भाजपा समर्थित एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भी जीत हासिल की थी।
कांग्रेस और जद (एस) ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की थी। इस साल मई में हुए 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस को 135 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा को 66 और जद (एस) को 19 सीटें मिलीं। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि जद (एस) लोकसभा चुनाव लडऩे के लिए भाजपा के साथ गठबंधन कर सकती है। यह भी कहा गया कि जद (एस) नेता ने इस संबंध में दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात की थी। हालांकि, बाद में जद (एस) प्रमुख देवेगौड़ा ने संकेत दिया था कि पार्टी लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी।