भीलवाड़ा : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कहा कि विपक्षी दलों के नए गठबंधन इंडिया से केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार घबरा गई है इसलिए वह इंडिया-भारत जैसी बातें उठा रही हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के पास न तो गरीबों के लिए कोई योजना है और न ही उनके लिए काम करने का हौसला। खरगे ने कहा कि वे कुछ नहीं करेंगे सिर्फ कांग्रेस को गालियां देते जाएंगे।
इसके साथ ही खरगे ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए इसे गरीब कल्याण व सामाजिक न्याय का बेहतरीन मॉडल बताया और लोगों से गहलोत सरकार को दोबारा सत्ता में लाने की अपील की। खडग़े भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।विपक्षी दलों के नए गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलांयसÓ (इंडिया) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक में हमने सबको मिलाकर जो हमारे समान दृष्टि से सोचने वाले लोग हैं, उनको मिलाकर हमने एक मजबूत संगठन बनाया। उसका नाम रखा गया इंडिया। इंडिया को देखते ही वह (भाजपा वाले) घबरा रहे हैं। अरे अब इंडिया छोड़ दो, भारत नाम रखो। तो भारत नाम रखने आ रहे हैं। संविधान में है।
इंडिया मीन्स भारत, ये दोनों शब्द हैं। आपको क्या एतराज है? कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो' यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हम भारत जोड़ो पहले ही बोल रहे हैं। लेकिन आप कुछ न कुछ, क्या नया लाने की कोशिश कर रहे हैं। हमने तो ये संदेश तो 4500 किलोमीटर तक फैलाया कि भारत जोड़ो।ÓÓइलाके की एक परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा रोके जाने का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि ये मोदी की सरकार कहीं किसी को ऊपर आने नहीं देती और जो कांग्रेस ने पहले किया है उसको मिटाने में उन्हें खुशी होती है। जो जो चीजें हमने कीं, उन्हें वहीं रोक दिया है।
उनके पास न योजना है न गरीबों के लिए काम करने का हौसला है न गरीब के लिए नई नई योजना लाने की उनकी फितरत है। वे कुछ नहीं करेंगे, सिर्फ कांग्रेस को गालियां देते जाएंगे। खरगे ने कहा कि कांग्रेस कभी झूठ नहीं बोलती बल्कि उसका हर काम लोगों को मजबूत करने वाला रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास बलिदान का रहा है, जबकि भाजपा का देश की आजादी में कोई योगदान नहीं रहा। खरगे ने कहा कि देश को आजाद कराने वाले भी हम हैं, देश को बचाने वाले भी हम हैं, जान देने वाले भी हम हैं।
देश की आजादी के लिए आप लोगों ने भाजपा वालों ने क्या कुछ किया है? हमारे कांग्रेस के नेता जेल गए, जेल में मरे, आजादी के लिए लड़े मुझे बताइए कि जनसंघ के लोग और आज के भाजपा के लोग और आरएसएस के लोग कितने लोग मरे, कितने लोग जेल गए। जरा हिसाब दें, उनका नाम, कोई है? आपमें से देश की आजादी के लिए कोई नहीं लड़ा, देश एक रखने के लिए कोई नहीं लड़ा।