मऊ (उप्र) : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आशंका प्रकट की कि अगर 2024 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की वापसी होती है तो हो सकता है कि हम और आप भविष्य में कभी वोट न डाल पाएं। यादव ने मंगलवार को घोसी विधानसभा के उपचुनाव के लिए सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने सपा को समर्थन देने वाले कांग्रेस, वामदलों के नेताओं के अलावा सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के महेंद्र राजभर के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने सत्ता पक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि 'इनका दल (महेन्?द्र राजभर) चुनाव लडना चाहता था, लेकिन इनके दल के प्रत्याशी को चुनाव लडऩे नहीं दिया। उनका पर्चा भी नहीं भरने दिया।' यादव ने आरोप लगाया कि 'यह भाजपा का नया तरीका है। लोकतंत्र में भाजपा ने नया तरीका अपनाया है कि लोगों को चुनाव मत लडऩे दो।' यादव ने आशंका प्रकट करते हुए कहा कि याद रखना, अभी तो ये इन्हें रोक रहे हैं, अगर ये (भाजपा) 2024 में सरकार बना ले गये तो हो सकता है कि हम और आप भी भविष्य में कभी वोट न डाल पाएं। गौरतलब है कि घोसी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए 18 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच में कमियां पाये जाने के बाद छह उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को निरस्त कर दिया गया था।
घोसी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया था कि घोसी में होने वाले उप चुनाव के लिए कुल दाखिल 17 नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान छह नामांकन पत्रों में विभिन्न कमियां पाए जाने के कारण उन्हें निरस्त किया गया। जिन नामांकन पत्रों को निरस्त किया गया, उनमें सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के उम्मीदवार अरविंद कुमार राजभर का भी नामांकन पत्र शामिल था। सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का गठन हाल में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर की अगुवाई वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) से विद्रोह करने वाले महेंद्र राजभर समेत कई नेताओं ने मिलकर किया है।