सूखे मेवों को पोषक तत्व और ऊर्जा का भंडार माना जाता है। यही वजह है कि डॉक्टर भी व्यक्ति को रोजाना मुठ्ठी भर ड्राई फ्रूट्स खाने की सलाह देते हैं। सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होने के बावजूद क्या आप जानते हैं इनका जरूरत से ज्यादा सेवन शरीर को फायदा नहीं बल्कि नुकसान पहुंचाता है। आइए जानते हैं वो कारण, जिनसे पता चलता है कि आखिर क्यों ड्राई फ्रूट्स का अधिक सेवन सेहत के लिए नुकसानदेह है।
जरूरत से ज्यादा ड्राई फ्रूट्स खाने से होने वाले नुकसान- कब्ज : ड्राई फ्रूट्स में फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जिसकी वजह से व्यक्ति को मल त्याग करने में आसानी होती है। लेकिन जरूरत से ज्यादा इसका सेवन करने पर व्यक्ति को कब्ज, पेट में ऐंठन, सूजन, पेट दर्द, दस्त की समस्या हो सकती है।
ब्लड शुगर : यूं तो ड्राई फ्रूट्स में नेचुरल शुगर मौजूद होता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा मात्रा में मेवे खाने से उनमें मौजूद फ्रूक्टोज की मात्रा शरीर में बढ़ सकती है, जिससे व्यक्ति के शरीर में शुगर लेवल बढ़ सकता है।
मोटापा : वेट लॉस की बात आते ही लोग सूखे मेवे खाने की सलाह देना शुरू कर देते हैं। वजन घटाने के लिए ड्राई फ्रूट्स को अच्छा माना जाता है। लेकिन जरूरत से ज्यादा ड्राई फ्रूट्स खाने से व्यक्ति का वेटलॉस नहीं बल्कि उसका मोटापा बढ़ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इनमें कैलेारी की मात्रा अधिक होती है। जो मोटापा बढऩे का एक कारण हो सकती है। इनका सेवन सीमित मात्रा में ही करें।
अपच : ड्राई फ्रूट्स में मौजूद फाइबर पाचन के लिए अच्छा माना जाता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा इसका सेवन करने से पाचन तंत्र बिगड़ सकता है। जिससे व्यक्ति को अपच, पेट दर्द, मरोड़, ऐठन, कब्ज जैसी समस्या हो सकती है।
गैस की समस्या : ज्यादा नट्स का सेवन करने से व्यक्ति को सामान्य तौर पर पेट फूलने और गैस बनने जैसी समस्या होने लगती है। इतना ही नहीं कुछ नट्स का अत्यधिक सेवन करने से फूड पॉइजनिंग तक का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में ब्राजीलियाई नट्स, बादाम और जाइलफल का अत्यधिक सेवन सावधानी के साथ किया जाना चाहिए।