खाने को बनाने, स्टोर करने और खाने से जुड़ी इन लापरवाही को कभी ना करें। ये आपके भोजन को जहरीला और बैक्टीरिया से इन्फेक्टेड बना देती हैं। जिसकी वजह से बीमारियों का खतरा हो जाता है। खाना पकाना एक कला है। ये केवल पेट नहीं भरता बल्कि इससे सेहत भी बनती है। खाने को पकाने से लेकर स्टोर करने तक सावधानी ना रखी गई तो इससे सेहत को काफी सारे नुकसान हो सकते हैं। इसलिए फलों और सब्जियों को खरीदकर लाने से लेकर पकाने-स्टोर करने तक इन टिप्स को जरूर याद रखें। ये आपको हेल्दी रहने और भोजन को ताजा बनाकर रखने में मदद करेंगी। जानें कौन सी हैं वो फूड मिस्टेक, जिन्हें नहीं दोहराना चाहिए।

खाना गर्म करने के बाद दोबारा फ्रिज में रखना : खाने को एक बार अगर फ्रिज से निकालकर गर्म किया है तो वापस से उसे फ्रिज में नहीं डालना चाहिए। खासतौर पर अगर गर्म खाना एक से दो घंटे के अंदर ठंडा नहीं हुआ है तो, क्योंकि गर्म करने के बाद खाने को फिर से फ्रिज में स्टोर करने से उसमें बैक्टीरिया पनपने लगते हैं।

पिघली आइसक्रीम को ना करें स्टोर : अक्सर लोग आइसक्रीम की पूरी ब्रिक खरीदकर घर लाते हैं और खाते हैं। अगर आइसक्रीम पिघल भी गई तो उसे दोबारा से रेफ्रिजरेटर कर लेते हैं। लेकिन इस गलती को कभी ना करें। आइसक्रीम एक बार रूम टेंपरेचर पर आ गई तो इसमें हार्मफुल बैक्टीरिया लिस्टीरिया के पनपने के चांस रहते हैं।

सूंघकर पता करना : बहुत से लोग दूध को भी सूंघकर पता करते हैं कि वो खराब हो गया है या नहीं। लेकिन ऐसा नहीं है कुछ बैक्टीरिया में खराब महक वाले गुण नहीं होते। जिनकी वजह से आपका पता करना मुश्किल है कि खाने का सामान खराब हो गया है या नहीं। हमेशा खाने की पैकेजिंग और डेट देखकर ही फूड को इस्तेमाल करें।

फलों का छिलका धोना : तरबूज, खरबूज जैसे फलों के छिलके छील कर खाए जाते हैं। जिसकी वजह से बहुत सारे लोग इसे धोने में लापरवाही करते हैं। लेकिन हमेशा इन फ्रूट्स के छिलकों को भी अच्छी तरह धोकर खाना चाहिए। तरबूज हो या फिर खऱबूज ये फ्रूट्स जमीन पर होते हैं। जिसकी वजह से इनमें बैक्टीरिया बहुत होते हैं। ऐसे में इसके हानिकारक बैक्टीरिया को हटाने के लिए इन्हें पहले से धोकर फिर काटे।

हाथ ना धोने की आदत : अगर आप कच्चे मीट को काट रही हैं तो हाथ धोने की आदत जरूर डालें। क्योंकि कच्चे मीट में सबसे ज्यादा बैक्टीरिया होते हैं। जिसकी वजह से सब्जियों और बाकी फूड्स के इंफेक्टेड होने के चांस रहते हैं। यहां तक कि चॉपिंग बोर्ड भी अलग इस्तेमाल करना चाहिए।

फ्रोजन फूड्स को खरीदने का तरीका : हमेशा फ्रोजन फूड्स को शॉपिंग के सबसे आखिरी में खरीदना चाहिए। जिससे कि इनका टेंपरेचर मेंटेन रहे और खराब होने के चांस कम रहे।