पटना/ नई दिल्ली : जनता दल यूनाइटेड के सांसद गिरधारी यादव ने लोकसभा में कहा कि भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार पिछड़ा विरोधी है जो गाय और भैंस तो गिन लेती है लेकिन पिछड़ों की जाति जनगणना नहीं करती है। मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान बिहार के बांका से सांसद गिरधारी यादव ने कहा कि जब 2014 का चुनाव हो रहा था तब सब कहा जा रहा था कि कि एक पिछड़ा पीएम बन रहा है।
लेकिन एक पैसा खर्च नहीं है अलग से फिर भी सरकार पिछड़े वर्ग की जाति जनगणना नहीं करवा रही है। यादव ने कहा कि खुद को पिछड़ा बताने वाले नरेंद्र मोदी की सरकार पिछड़ा विरोधी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए गिरधारी ने कहा कि वहां पिछड़े वर्ग की गणना कराने का काम किया जा रहा है। गिरधारी यादव ने आरोप लगाया कि कॉलेज और यूनिवर्सिटी में भर्ती में आरक्षण को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज, यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर पद पर पिछड़ों की बहाली नहीं हो रही है। मात्र 0.4 परसेंट पिछड़ों की बहाली सरकार ने की है।
यादव ने कहा कि मोदी सरकार नकल करने वाली सरकार है जिसने नीतीश कुमार की हर घर नल का जल और हर घर बिजली योजना का अनुसरण किया है। केंद्र सरकार में लेटरल बहाली पर हमला बोलते हुए गिरधारी यादव ने कहा कि पिछड़े वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। सेक्रेटरी, ज्वाइंट सेक्रेटरी, डायरेक्टर पद पर लेटरल बहाली हो रही है।