अहमदाबाद : आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के प्रमुख इसुदान गढ़वी ने सोमवार को यह बयान दे कर खलबली मचा दी कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी और कांग्रेस गुजरात में सीट-बंटवारे के फॉर्मूले के तहत लड़ेंगे, क्योंकि दोनों दल विपक्षी गठबंधन इंडिया के सदस्य हैं। गढ़वी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने कहा कि पार्टी केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन करेगी। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि आप और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन से सत्तारूढ़ पार्टी की चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा ।

इसके साथ ही सत्तारूढ़ दल ने आम आदमी पार्टी को कांग्रेस की 'बी टीम' करार दिया। गढ़वी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि आप और कांग्रेस दोनों इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। यह चुनावी गठबंधन गुजरात में भी लागू किया जाएगा। हालांकि गठबंधन की बातचीत अभी प्राथमिक स्तर पर ही है, लेकिन यह तय है कि आप और कांग्रेस दोनों गुजरात में आगामी लोकसभा चुनाव सीट-बंटवारे के फॉर्मूले के तहत लड़ेंगे।' उन्होंने कहा कि अगर सब कुछ योजना के अनुसार होता है, तो मैं गारंटी देता हूं कि भाजपा इस बार गुजरात में सभी 26 सीट नहीं जीत पायेगी।'

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी, भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल हुयी है । गढ़वी ने कहा कि आप की गुजरात इकाई ने पहले ही उन सीटों के बारे में अनुसंधान करना शुरू कर दिया है, जिन पर पार्टी उम्मीदवार उतार सकती है।' आप की गुजरात इकाई के अध्यक्ष की अचानक की गयी घोषणा के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को अंतिम निर्णय करना है।