पटना : दिल्ली में आरजेडी चीफ लालू यादव के साथ राहुल गांधी की मुलाकात और रात्रि भोजन पर बीजेपी हमलावर है। पार्टी प्रवक्ता निखिल आनंद ने कहा है कि सावन में चंपारण मटन की पार्टी देकर लालू यादव ने न सिर्फ राहुल गांधी का धर्म नाश किया, बल्कि देश की सनातन परंपरा को भी ठेस पहुंचाया है। बीजेपी नेता ने पूछा है कि राहुल गांधी मुगलिया सल्तनत के युवराज हैं या रोमन साम्राज्य से ताल्लुक रखते हैं कि सावन में मटन खाना स्वीकार कर लिया।
उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार पूरी तरह से राजद की गिरफ्त में आ गए हैं। उनकी अब कुछ नहीं चल रही है। खासकर दिल्ली में दोनों की मुलाकात में नीतीश कुमार का भविष्य तय हो गया है। उन्हें अब राहुल गांधी का पीए बन जाना चाहिए। अपने ट्विटर अकाउंट पर वीडियो बयान जारी कर निखिल आनंद ने राहुल गांधी से पूछा है कि वह मुगलिया सल्तनत के युवराज हैं या रोमन साम्राज्य के युवराज हैं कि सावन में लालू यादव ने मटन पार्टी दी तो खुशी खुशी स्वीकार लिया।
बीजेपी प्रवक्ता ने इसके लिए लालू यादव पर भी निशाना साधा। कहा कि लालू जी भारत की सनातनी परंपरा को समझते हैं कि सावन के महीने में मांसाहार का सेवन नहीं किया जाता फिर भी उन्होंने राहुल गांधी को मटन खिलाया। सावन महीने में लहसुन प्याज भी वर्जित रहता है इसके बावजूद मीट मुर्गा की पार्टी देना आश्चर्य पैदा करता है।