पृथ्वी पर सबसे ज्यादा धूप किस जगह पड़ती है? अगर इस सवाल की बात करें तो पृथ्वी पर सबसे धूप वाली जगह अटाकामा रेगिस्तान में मौजूद अल्टिप्लानो है। यह जगह चिली में एंडीज पहाड़ों के पास एक शुष्क पठार है। यहां इतनी ज्यादा धूप मिलती है, जितनी हमारे सौरमंडल के शुक्र ग्रह पर पड़ती है। अमरीकी मौसम विज्ञान सोसायटी के जर्नल बुलेटिन में 3 जुलाई को प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक आमतौर पर यह ठंडी और शुष्क जगह है। लगभग 4000 मीटर की ऊंचाई वाली इस जगह पर भूमध्य रेखा के करीब या अधिक ऊंचाई वाले स्थानों की तुलना में ज्यादा धूप मिलती है। अटाकामा रेगिस्तान कई कारणों से विशेष है। यह पृथ्वी पर सबसे पुराना रेगिस्तान है। यह ध्रूवों से दूर सबसे शुष्क जगहों में से एक है। रात के आकाश को देखने के लिए इसे सबसे साफ जगहों में से एक माना जाता है। चिली अल्टिप्लानो अपने सौर विकिरण या सूर्य से पृथ्वी पर उत्सर्जित प्रकाश ऊर्जा के उत्पादन के लिए भी जाना जाता है। वैज्ञानिकों ने यहां पठार पर रेडिएशन 2,177 वाट प्रति वर्ग मीटर मापा जो वर्ल्ड रिकॉर्ड है। तुलना के लिहाज से पृथ्वी के वायुमंडल के शीर्ष पर यह रेडिएशन लगभग 1360 वाट प्रति वर्ग मीटर है।
लगेगा शुक्र ग्रह पर खड़े हैं : इस स्टडी के प्रमुख लेखक और नीदरलैंड में ग्रोनिंगन यूनिवर्सिटी के जलवायु विज्ञानी राउल कोर्डेरो का कहना है कि यह उतना रेडिएशन है, जितना आपको शुक्र ग्रह पर गर्मियों में मिलेगा। उन्होंने इस तुलना को अविश्वसनीय बताया। ऐसा इसलिए क्योंकि पृथ्वी की तुलना में शुक्र सूर्य से 28 फीसदी करीब है। पठार पर औसत सौर विकिरण लगभग 308 वाट प्रति वर्ग मीटर है। यह भी विश्व रिकॉर्ड है, जो यूरोप और अमरीकी पूर्वी तट में दर्ज किए गए आंकड़ों से दोगुना है।
क्यों मिलती है इतनी धूप : नासा के वायुमंडलीय वैज्ञानिक सेजी काटो के मुताबिक सोलर रेडिएशन वायुमंडल से धरती तक आने के दौरान बादलों की ओर से अवशोषित कर लिया जाता है। हालांकि एक ऐसी जगह जो जल वाष्प परत के ऊपर है और कम बादल हैं उन्हें अनिवार्य रूप से ज्यादा धूप मिलेगी।