गुवाहाटी: पुरुषोत्तम मास के पावन पर्व के मौके पर सेठ सांवरिया सत्संग समिति के तत्वावधान में आज से आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला के बृंदावन गार्डन प्रांगण में नौ दिवसीय रामचरितमानस तथा शिव चरित कथा का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर परम् मनीषी, विद्धान पुज्य आचार्य श्री गौरवजी व्यास (श्री गोपालजी) व्यास पीठ पर विराजमान थे। आचार्य गौरव व्यास ने कथा के प्रथम दिवस कथा आरंभ करने से पूर्व कलयुग की व्याख्या करते हुए कलिकाल में पुरूषोत्तम मास और इस बार पुरूषोत्तम मास के आगे एवं पीछे सावन मास के सुखद संयोग में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के साथ भगवान शिव के चरित्र की कथा का गुणगान एवं श्रवण करना कितने पुण्य फल का दाता है इसका आंकलन नहीं किया जा सकता।
क्योंकि मानस में वर्णित है श्री राम कथा श्रवण करने की पात्रता वहीं रख सकता है जो भगवान शिव की कथा का पहले श्रवण करें। कल से श्रीराम कथा व शिव चरित्र का अमृत बरसेगा। कथा के पहले दिन महिलाओं एवं पुरुषों की भारी भीड़ देखी गई। इससे पूर्व सोमवार की सुबह चाभीपुल स्थित श्रीराम जानकी मंदिर से आयोजन स्थल से भव्य कलश यात्रा गाजे बाजे के साथ निकाली गई। रास्ते भर जयकारों के उद्घोष के साथ कलश यात्रा आयोजन स्थल पर पहुंची जहां सभी महिलाओं ने विधिवत अपने अपने कलश को स्थापित किया। आयोजकों की ओर से आज सेठ सांवरिया परिवार प्रमुख सुरेंद्र लाट, यजमान बसंत तांबी, शंकर बिड़ला, अरविन्द सरावगी, मुरारीलाल चोपदार, सूरज लाट द्वारा व्यास पीठ की पूजा अर्चना की गई। इसके पश्चात संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कथा का आयोजन 24 से 1 अगस्त तक रोजाना दोपहर 2:30 बजे से 6 बजे तक किया जाएगा।