नालंदा : नालंदा में नौ घंटे बाद बोरवेल में गिरे तीन साल के शिवम को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम को बड़ी सफलता मिली है। बच्चे को देशी जुगाड़ के सहारे निकाला गया है। एक पाइप में कैमरा फिट किया गया और  उसके सहारे रस्सी से  हुक बांधकर गड्ढे में डाला गया। हुक में बच्चे का पैर फंसाकर उसे बाहर निकाल लिया गया। निकलने पर बच्चे की  स्वास्थ्य जांच की गई। पता चला कि बच्चा  स्वस्थ्य है। शिवम  नालंदा थाना क्षेत्र के कूलगांव में 50 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। बच्चे को वहां मौजूद एम्बुलेंस से तत्काल पावापुरी अस्पातल ले जाया गया है। अस्पताल में उसका इलाज कराया जा रहा है। शिवम सकुशल है और रेस्पांड कर रहा है। दरअसल नालंदा में खेलते-खेलते यह हादसा हो गया था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक 3 साल का बच्चा गिर गया। उसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तुरंत बच्चे के माता पिता पहुंच गए। उनके आते ही घटना स्थल पर चीख पुकार मच गई। बच्चे के बोरवेल में गिरने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।