बेंगलुरु : जनता दल सेकुलर (जद-एस) के नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी ने राज्य के हित में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर विपक्ष के रूप में काम करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि जद (एस) प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने उन्हें पार्टी के बारे में अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है। उन्होंने कहा कि संसदीय चुनाव के बारे में चर्चा करने के लिए अभी समय है। कुमारस्वामी अगले साल के लोकसभा चुनाव से पहले जद (एस) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ जाने की संभावना संबंधी खबरों के बीच बृहस्पतिवार को पार्टी के विधायक दल की बैठक में हुई चर्चा के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। कुमारस्वामी ने कहा कि मैं विधानसभा में और उसके बाहर पहले ही कह चुका हूं कि चूंकि भाजपा और जद (एस) विपक्षी दल हैं, इसलिए राज्य के हित में मिलकर काम करने का फैसला किया गया है।
जद (एस) ने बतौर विपक्षी दल भाजपा के साथ मिलकर काम करने का किया फैसला : कुमारस्वामी