वाशिंगटन : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरीका की ऐतिहासिक आधिकारिक यात्रा के एक महीने बाद प्रतिष्ठित अमेरिकी सांसदों और अमरीका के राष्ट्रपति के कार्यालय व्हाइट हाउस ने बुधवार को कहा कि भारत-अमेरिका संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं। सांसदों और अधिकारियों ने 21 जून को व्हाइट हाउस के लॉन में 8,000 से अधिक भारतीय अमरीकियों की उपस्थिति और अमरीकी संसद में प्रधानमंत्री मोदी के प्रभावशाली संबोधन की सराहना की। उन्होंने मोदी और अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच मुलाकात के बाद जारी संयुक्त बयान में परिलक्षित द्विपक्षीय संबंधों के प्रमुख बिंदुओं पर भी बात की। सीनेट में बहुमत के नेता चक शूमर ने कहा कि मैं उन्हें (मोदी को) पसंद करता हूं।
शूमर इस वर्ष की शुरुआत में अपनी पहली भारत यात्रा और उसके बाद प्रधानमंत्री के साथ बैठकें करने से पहले तक भारत और मोदी के आलोचक थे। शूमर और कई अन्य सांसद बाइडेन द्वारा उनके लिए आयोजित वार्षिक 'कांग्रेस पिकनिक' के लिए बुधवार दोपहर व्हाइट हाउस के लॉन में एकत्र हुए। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पिछले महीने (भारत के प्रधानमंत्री की) यात्रा बेहद सफल और महत्वपूर्ण थी। भारत के साथ संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं और जैसा कि आप जानते हैं, हमने कई प्रमुख लक्ष्यों की घोषणा की है। उनमें से कुछ को लागू किया जा रहा है। मोदी द्वारा अमरीकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करने की पहल का नेतृत्व करने वाले 'इंडिया कॉकस' के सह-अध्यक्ष सांसद रो खन्ना ने कहा कि रक्षा, अर्थव्यवस्था और प्रौद्योगिकी को मजबूत करना प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का मुख्य बिंदु थे।