नई दिल्ली : कांग्रेस ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी की खबरों को खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस' (इंडिया) में दरार डालने की भारतीय जनता पार्टी कितना भी कोशिश कर ले, वह सफल नहीं होगी। पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि 'टीम इंडिया' एकजुट है। नीतीश कुमार के नाराज होने संबंधी खबर के बारे में पूछे जाने पर सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा नीतीश बाबू के बारे में कैसी गंदी भाषा का इस्तेमाल करती है वो मैं बोलना भी नहीं चाहूंगा। अब वही ऐसी अनर्गल बातें कर रहे हैं। हम सब एकजुट हैं।
भाजपा और मोदी जी टीम इंडिया में दरार डालने की कितनी भी कोशिश कर लें, वो नहीं पड़ रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा की छटपटाहट समझ आती है। उन्हें षडय़ंत्रकारी एजेंडा जारी रखने के लिए शुभकमानाएं। सुरजेवाला ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक को लेकर सवाल किया कि 'एनडीए नौ साल कहां गुम था? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसद में की गयी एक टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले तो 'एक अकेला सब पर भारी' की बात करते थे फिर हड़बड़ाहट में राजग की बैठक में क्यों बुलाई गई? 38 दलों में सिर्फ 12 दलों के सांसद हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा 'इंडिया' नाम पर सवाल खड़े किए जाने को लेकर सुरजेवाला ने कहा कि टीम इंडिया का स्लोगन क्या है, जीतेगा भारत।