नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी दलों की बैठक से पहले सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि संसद में सभी विपक्षी दलों पर अकेले भारी पडऩे की बात करने के बाद अब प्रधानमंत्री को 30 छोटे-छोटे दलों को गिनने की जरूरत क्यों पड़ गई। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी पार्टियों के एकजुट होने से भारतीय जनता पार्टी घबरा गई है। खरगे ने संवाददाताओं से कहा कि मोदी जी ने संसद में कहा था कि एक अकेला ही सभी विपक्षी पार्टियों पर काफी है, फिर उन्हें 29-30 पार्टियों की ज़रूरत क्यों पड़ी? वह इन छोटे-छोटे दलों को क्यों गिन रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारा जो गठबंधन है, वह तो संसद में एक साथ मिलकर काम करता है। उनका एक ही उद्देश्य है, लोकतंत्र को खत्म करने के लिए विपक्ष को सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर धमकाना। उन्होंने कहा कि पर हम निडर हैं, उनकी साज़िशों का डटकर सामना करेंगे और जनता की आवाज़ उठाएंगे। खरगे ने कटाक्ष करते हुए कि भाजपा जिन 30 पार्टियों की बात कर रही है, वो कहां मिलीं, इस बारे में कुछ पता नहीं है।