पटना : पटना की बेऊर जेल में बंद बाहुबली अनंत सिंह ने अपनी हत्या की आशंका जताई है। आरोप है कि इस वार्ड के गेट को कल रात खुला छोड़ दिया गया था। इस कारण पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जेल में अपनी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मामले की जांच के लिए जेल आईजी बेऊर जेल पहुंचे हैं। अनंत सिंह की बैरक का गेट खुला रहने की खबरों के बाद जेल के अंदर जेल कर्मी और अनंत समर्थकों के बीच भिड़ंत हुई है। इसमें 4 जेल प्रहरी घायल हैं। वहीं इस मामले के सामने आने के बाद सदर अनुमंडल अधिकारी, फुलवारी शरीफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी समेत प्रशासन के कई अधिकारी भारी दल बल के साथ पटना के बेऊर जेल पहुंचे। बताया जा रहा है कि जेल में 2 घंटे तक जमकर मारपीट और हंगामा हुआ।

पगली घंटी बजते ही जेल के सभी कैदी और कर्मचारी सतर्क हो गए। बताया जा रहा है कि इस बीच जेल के अंदर ही सूचना मिलने के बाद जेल के उच्च पदाधिकारी, जेलर, सहायक जेलर सहित भारी संख्या में जेल के कक्षपाल, उच्च कक्षपाल जेल के अंदर पहुंचे। इस बीच जेल के सभी कैदियों को उनके बैरक में जाने की सूचना दी गई। घटना की पुष्टि करते हुए जेल के एक अधिकारी ने बताया कि अनंत सिंह के समर्थकों ने कक्षपाल से मारपीट की है। यह पूछे जाने पर कि कौन-कौन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने इस मामले में कुछ भी बताने से इनकार करते हुए कहा कि जेल प्रशासन पूरे मामले की छानबीन कर रही है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी विक्रम सिहाग ने बताया कि फिलहाल उन्हें इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। वह इस पर जेल के अधिकारियों और बेऊर थाने से बातचीत कर रहे हैं।