नई दिल्ली : बेंगलुरु में होने वाली विपक्षी दलों की अहम बैठक से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने रविवार को विश्वास जताया कि विपक्ष एकजुट होकर 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निश्चित तौर पर चुनौती दे सकता है और भाजपा विरोधी गठबंधन का नेता उपयुक्त समय पर तय किया जाएगा। चिदंबरम ने एक साक्षात्कार में कहा कि विपक्षी दलों में कांग्रेस का एक 'खास स्थान' है, लेकिन इस बारे में इस वक्त बात करने की जरूरत नहीं है। पूर्व केद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने पटना में विपक्ष की बैठक में जिस तरह से दिल्ली अध्यादेश का मुद्दा उठाया था, वह दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मुद्दे पर उपयुक्त समय व स्थान पर फैसला लिया जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्षी दलों के कई साझा उद्देश्य हैं, क्योंकि वे सभी भाजपा सरकार की सामाजिक व आर्थिक नीतियों के खिलाफ हैं और धीमी आर्थिक वृद्धि, बढ़ती महंगाई तथा बढ़ती बेरोजगारी को लेकर चिंतित हैं। साथ ही वे नागरिक स्वतंत्रता में कटौती, मीडिया पर पाबंदी, संस्थाओं को कमजोर करने और जांच एजेंसियों के दुरुपयोग को लेकर भी चिंतित हैं। चिदंबरम ने कहा कि वे सीमाओं पर सुरक्षा स्थिति को लेकर भी चिंतित हैं और इन साझा चिंताओं ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का विरोध करने के लिए एकजुट किया है। चुनाव के मद्देनजर, विपक्षी दलों के पास जितनी बार हो सके, उतनी बार बैठकें करने के पर्याप्त कारण हैं। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु में होने वाली बैठक यकीनन उद्देश्यपूर्ण होगी।
बेंगलुरु में 17 और 18 जुलाई को होने वाली विपक्ष की बैठक में 24 गैर-भाजपा दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। यह पूछे जाने पर कि विपक्ष ने नेतृत्व के प्रश्न को अभी दरकिनार कर दिया है और क्या ऐसे वक्त में प्रधानमंत्री पद के लिए किसी चेहरे (उम्मीदवार) के बिना चुनाव में जाना कारगर रहेगा, जब (नरेंद्र) मोदी (केंद्र में) 10 साल से शासन में हैं, इस पर चिदंबरम ने कहा कि नरेंद्र मोदी केंद्र सरकार का 10 वर्षों से नेतृत्व कर रहे हैं लेकिन यह मजबूती नहीं, बल्कि कमजोरी है। मोदी ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि अब अंतिम वर्ष में वह नारों के अलावा शायद कुछ नहीं दे सकते। चिदंबरम ने कहा कि विपक्ष भाजपा के खिलाफ एकजुट हो कर निश्चित तौर पर मोदी को चुनौती दे सकता है।
उन्होंने कहा कि संयुक्त विपक्ष का नेता उपयुक्त समय पर तय किया जाएगा। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का मुकाबला करने के लिए 1977 की विपक्षी एकजुटता और मौजूदा समय की विपक्षी एकजुटता की तुलना किए जाने पर चिदंबरम ने कहा कि उस वक्त हालात 2023 के हालात से भिन्न थे। उन्होंने कहा कि उस वक्त आपातकाल एकमात्र मुद्दा था, लेकिन अभी और 2024 के लोकसभा चुनाव में कई ऐसे मुद्दे हैं,जो लोगों की चिंता के कारण हैं। उन्होंने कहा कि मैंने विपक्षी दलों की साझा चिंताओं का जिक्र किया है।
वे ऐसा मंच तैयार करने के लिए पर्याप्त हैं, जिसे विपक्षी दल साझा कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा विपक्ष पर यह तंज कसे जाने पर कि भ्रष्ट लोग हाथ मिला रहे हैं, चिदंबरम ने कहा कि मोदी का मानना है कि हर विपक्षी दल और हर विपक्षी नेता भ्रष्ट है। उन्होंने कहा कि यह एक खोखली दलील है। जनता ने कई बार उनके विचारों को खारिज किया है। ताजा उदाहरण कर्नाटक का है। श्रीमान मोदी के आरोप थकाऊ हो रहे हैं। अगर वह अपनी ही पार्टी (भाजपा) को देखें तो पाएंगे कि ऐसे कई नेता/मंत्री हैं, जिन पर उन्होंने कभी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।