भोपाल /नई दिल्ली : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी साल में एक और बड़ी घोघणा कर दी है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के कर्मचारियों को केंद्र के समान 42 फीसदी का महंगाई भत्ता दिया जाएगा। सीएम चौहान ने अपने बयान में कहा कि सरकार ने कर्मचारियों के हित में पिछले दिनों घोषणा की थी कि राज्य के कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता मिलेगा। इसी क्रम में यह भत्ता जनवरी से दिए जाने का फैसला ले लिया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनवरी से जून तक महंगाई भत्ते का एरियर 3 समान किस्तों में प्रदान किया जाएगा।

यह महंगाई भत्ता जुलाई माह के वेतन में जुड़कर मिलना शुरू होगा जो अगस्त माह से दिया जाएगा। छठवां वेतनमान प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी समानुपातिक वृद्धि होगी। साथ ही एक जुलाई 2023 तक सेवा के 35 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को चतुर्थ समयमान वेतनमान मिलेगा। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने सूबे की करीब सवा करोड़ महिलाओं के बैंक अकाउंट में लाडली बहना योजना की दूसरी किस्त डाली थी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया था कि उनकी सरकार घरेलू काम-काज करने वाली महिलाओं के लिए 10,000 रुपए की मासिक आमदनी भी सुनिश्चित करेगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वादा किया था कि घरेलू कामकाजी महिलाओं को मात्र 2 फीसदी ब्याज दर से बैंक से कर्ज मुहैया कराया जाएगा ताकि वे रोजगार शुरू कर सकें। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की थी कि अब 21 साल की विवाहित बेटियों को भी लाडली बहना योजना के तहत आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। इसके लिए 25 जुलाई से आवेदन लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बार बार दोहराते रहे हैं कि लाड़ली बहना योजना के तहत दी जाने वाली आर्थिक मदद की रकम एक हजार तक सीमित नहीं रहेगी। इसे बढ़ाते-बढ़ाते पहले तीन हजार रुपए महीना किया जाएगा।