रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान 50 वर्ष से कम उम्र वालों को पार्टी में आधे पद देने के फैसले का कार्यान्वयन 42 वर्षीय सांसद दीपक बैज की प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के साथ छत्तीसगढ़ से शुरू हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने बुधवार को बस्तर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले बैज को विधायक मोहन मरकाम की जगह पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बारे में पूछे जाने पर बघेल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि संगठन में अलग-अलग लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। मोहन जी ने दो कार्यकाल पूरे कर लिए हैं और सभी राज्यों में (कांग्रेस संगठनों में) बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर में आयोजित कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में 50 वर्ष से कम उम्र वालों को 50 प्रतिशत सीटें देने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसकी शुरुआत छत्तीसगढ़ से हो गई है। दीपक जी की उम्र 42 साल है। बघेल ने बैज को बधाई दी और कहा कि इससे राज्य में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा। राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देखते रहिए और इंतजार करिए। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल कांग्रेस ने बुधवार को अपने प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया। बस्तर क्षेत्र के युवा नेता और सांसद दीपक बैज, मोहन मरकाम की जगह नए प्रदेश बनाए गए हैं।
युवाओं को 50 फीसदी पद देने के कांग्रेस के फैसले का कार्यान्वयन छत्तीसगढ़ में हुआ शुरू : बघेल