नई दिल्ली : कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले पार्टी के प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन में बदलाव करते हुए बुधवार को सांसद दीपक बैज को राज्य इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। बस्तर से लोकसभा सदस्य बैज ने मोहन मरकाम का स्थान लिया है। मरकाम को पार्टी ने चुनाव से कुछ महीने पहले उस वक्त हटाया है जब सरकार और संगठन के बीच टकराव की खबरें सामने आने लगी थीं। गौर करने वाली बात यह भी कि बीते कुछ महीनों से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं उनके बीच असहज रिश्तों की खबरें लगातार आ रही थी। इस बदलाव से कुछ दिनों पहले ही टीएस सिंहदेव को राज्य सरकार में उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने बैज को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। छत्तीसगढ़ में इस साल नवंबर- दिसंबर में विधानसभा चुनाव होना है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सांसद दीपक बैज को बधाई देते हुए ट्वीट किया, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक बैज जी को नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं। हमारे निवर्तमान अध्यक्ष मोहन मरकाम जी का संगठन का सफल नेतृत्व करने के लिए आभार। बस्तर से लोकसभा सदस्य बैज ने मोहन मरकाम को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की चर्चा पिछले कुछ महीनों से लगातार जोरों पर थी।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, पीसीसी अध्यक्ष पद से मरकाम की छुट्टी, बैज को मिली कमान