रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। दिल्ली प्रवास के दूसरे दिन बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। कहा जा रहा है कि दोनों दिग्गज नेताओं की इस शिष्टाचार मुलाकात में झारखंड की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर चर्चा हुई। बाबूलाल मरांडी ने गृहमंत्री को झारखंड की मौजूदा सियासी हालात की जानकारी दी। बाबूलाल मरांडी ने मुलाकात की तस्वीर ट्विटर में साझा करते हुए लिखा कि आज गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई। इस दौरान झारखंड के विकास के संदर्भ में विस्तृत चर्चा हुई। बता दें कि सोमवार को बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। इसकी भी तस्वीरें सामने आई थी।

बीजेपी ने 2024 को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदले हैं। इसी क्रम में झारखंड में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की जगह बाबूलाल मरांडी को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद बाबूलाल मरांडी का यह पहला दिल्ली दौरा है। बाबूलाल मरांडी ने झारखंड बीजेपी के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी से भी मुलाकात की। गौरतलब है कि आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व में झारखंड जैसे आदिवासी बहुल्य राज्य में पार्टी की कमान एक आदिवासी नेता को सौंपने का फैसला किया है। बाबूलाल मरांडी संताल आदिवासी समुदाय से आते हैं जिनकी आबादी झारखंड में काफी है। बाबूलाल मरांडी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने संताल परगना की 18 विधानसभा और 3 लोकसभा सीटों को साधने का प्रयास किया है।