लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने टमाटर की कीमत में बढ़ोतरी के बीच राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मंगलवार को तंज किया कि भाजपा को टमाटर का लाल रंग देखते ही समाजवादियों की याद आती है। यादव ने ट्वीट किया, 'भाजपा टमाटर को देखकर इसलिए परेशान है, क्योंकि टमाटर का रंग 'लालÓ होता है और लाल देखते ही उन्हें (भाजपा) समाजवादियों की याद आती है। यादव ने अपने ट्वीट में एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें वाराणसी के टमाटर मामले को लेकर राजनीतिक विश्लेषण किया गया है।

सपा प्रमुख के ट्वीट के कुछ ही घंटों बाद उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया उत्तर प्रदेश में सपा का 2024 में खाता खुलना मुश्किल है। मौर्य ने इस ट्वीट में हैशटैग किया कहो दिल से, नरेंद्र मोदी जी फिर से। इसके पहले अखिलेश यादव के ट्वीट पर पलटवार करते हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने कहा कि रंगों की सियासत करने वाले लोगों को हर चीज में राजनीति दिखती है और वे उसी चश्मे से देखते हैं।सपा के बारे में लोगों की धारणा और कहावत सुनाते हुए पाठक ने कहा कि जिस गाड़ी पर सपा का झंडा-उस पर बैठा गुंडा, जैसी कहावत अभी भी लोग दोहराते हैं।

हाल में वस्तुओं की कीमतों में हुई वृद्धि को लेकर सपा केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साध रही है। वाराणसी में गत दिनों समाजवादी पार्टी (सपा) के एक कार्यकर्ता द्वारा महंगे टमाटर की सुरक्षा के लिए दो 'बाउंसरÓ तैनात करने के मामले में पुलिस ने एक सब्जी विक्रेता और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। वाराणसी के लंका थाना प्रभारी अश्विनी पांडेय ने सोमवार को बताया था कि एक वीडियो में खुद को दुकान का मालिक दिखाने वाला सपा नेता अजय फौजी फरार है।