बालों के गिरने और कमजोर होने की समस्या इन दिनों घर-घर की है। इसकी वजह तनाव या गलत खान पान को कहा जा सकता है। बालों की समस्याओं को दूर करने के लिए लोग तरह-तरह के महंगे और नेचुरल तेलों का भी इस्तेमाल करते हैं। लेकिन लोगों की शिकायत होती है कि उनके बालों को तेल सूट नहीं करता और समस्या और बढ़ जाती है। दरअसल समस्या हेयर ऑयल के कारण नहीं होती, बल्कि गलत तरीके से इस्तेमाल के कारण बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं या झड़ जाते हैं। जानिए, हेयर ऑयलिंग के दौरान किन बातों को ध्यान में रखकर हेयर केयर कर सकते हैं और बालों को मजबूत और खूबसूरत बना सकते हैं।
इस तरह लगाएं तेल : हेल्थलाइन के मुताबिक, सबसे पहले किसी भी वर्जिन ऑयल को गर्म कर लें और थोड़ा गुनगुना होने के लिए छोड़ दें। अब बालों में अच्छी तरह कंघी कर लें और तेल को कटोरी में रखें। अब रूई या उंगलियों की मदद से सिर और बालों की जड़ों में इसे लगाएं। फिर हल्के हाथों से उंगलियों से मसाज करें। फिर बालों में तेल लगाएं और बालों को बांधकर स्कार्फ या टॉवल से ढंक लें। बेहतर असर के लिए आप बालों में स्टीम ले सकते हैं। आधे घंटे के बाद बालों को किसी भी माइल्ड शैंपू से धो लें। ड्राइनेस दूर करने के लिए आप रात के वक्त बालों में तेल लगाएं और सुबह वॉश कर लें।
शैंपू करने से पहले ऑयलिंग : जब भी बालों को धोना हो, उससे लगभग आधा घंटा पहले बालों में तेल लगाएं। ऐसा करने से शैंपू के बाद बाल ड्राई नहीं रहेंगे और बालों में चिपचिपाहट भी नहीं रहेगी। अगर आपके बाल बहुत अधिक ड्राई रहते हैं तो आप रात में तेल लगाकर सुबह शैंपू कर सकते हैं।
नेचुरल ऑयल खरीदें : अगर आप विज्ञापनों को देखकर हेयर ऑयल खरीदते हैं तो बता दें कि कैमिकल युक्त तेल की बजाय आप जितना अधिक नेचुरल और वर्जिन ऑयल बालों में लगाएंगे, बालों को उतना अधिक पोषण मिलेगा।
अधिक देर तक बालों में ना रखें तेल : पहले के जमाने में लोग बालों में हर वक्त तेल लगाकर रखने की सलाह देते थे, जबकि आज अगर आप अधिक समय तक सिर में तेल लगाकर रहेंगे तो वातावरण का धूल, पॉल्यूशन आदि बालों में चिपक जाएगा और पोर्स को ब्लॉक कर देगा। जिससे बाल कमजोर होकर गिरने लगेंगे। इसलिए अधिक देर तक बालों में तेल ना लगाएं।
कसकर बालों को ना बांधें : कई लोग सिर में तेल लगाने के बाद बाल को अच्छी तरह लपेटकर बांध लेते हैं या कसकर चोटी बना लेते हैं। इससे बालों में खिंचाव आता है और ये टूट जाते हैं। इसलिए अधिक जोर से खिंचकर बालों को ना बांधें।