गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के ठीक एक दिन बाद सोमवार को असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद का मुद्दा और भड़क उठा। बताया जा रहा है कि असम के सुरक्षाबलों और मिजोरम के नागरिकों के बीच झड़प हुई हैं। दोनों तरफ से लाठियां चली हैं। आंसू गैस के साथ फायरिंग की भी खबर है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दावा किया कि झड़प में उनके 6 जवानों की मौत हो गई है। दोनों तरफ से तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस बीच मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने पुलिस और आम लोगों के बीच हुई झड़प का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है। उन्होंने इस वीडियो के साथ गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी टैग करते हुए फौरन दखल देने की मांग की है। मिजोरम के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया है कि असम की पुलिस ने आम लोगों पर आंसू गैस के गोले और लाठियां बरसाई हैं।
असम-मिजोरम बॉर्डर पर फायरिंग
