पटना : हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नीतीश सरकार के पूर्व मंत्री संतोष सुमन ने बिहार की राजनीति को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि 15 दिन के भीतर बिहार में बड़ा सियासी खेला होने वाला है। उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार 15 दिनों में सीएम पद से खुद हट जाएंगे नहीं तो आरजेडी उन्हें जबरन हटा देगी।  उसके बाद तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बन जाएंगे। संतोष सुमन यहां तक दावा किया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी बेचैनी और परेशानी में हैं। इसीलिए पार्टी के नेताओं से मिल रहे हैं। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संस्थापक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने इसके पीछे तर्क दिया है। उन्होंने कहा है कि जब महागठबंधन हुआ था तब यह तय हो गया था कि तेजस्वी यादव को बिहार की सत्ता सौंप दी जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी घोषणा भी कर दी थी कि उनके उत्तराधिकारी तेजस्वी ही होंगे। 

उसके बाद राजद की ओर से लगातार नीतीश पर दबाव बनाया जा रहा है। आरजेडी नेताओं के प्रेशर से नीतीश कुमार बेचैन हैं। इन दिनों काफी परेशान है इसीलिए अपने सभी विधायकों और सांसदों को बुलाकर  बातचीत कर रहे हैं। लेकिन नीतीश कुमार को इससे कोई फायदा होने वाला नहीं है। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि 15 दिनों में बिहार में बड़ा खेला होगा। तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और नीतीश कुमार को पद से हटना पड़ेगा। यदि खुद हट जाते हैं तो ठीक नहीं तो राजद उन्हें हटा देगी। उन्होंने कहा कि राजद के पास पर्याप्त संख्या बल भी है। उनके 115 विधायक है, 8 विधायकों की कमी होती है जिसका जुगाड़ तेजस्वी की टीम कर लेगी और नीतीश कुमार को हटा देगी। 

संतोष सुमन नीतीश सरकार में एससी एसटी कल्याण विभाग के मंत्री थे। 13 जून को उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया और कुछ दिनों बाद महागठबंधन से अलग हो गए। पिछले दिनों उनकी पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए में शामिल हो गई। संतोष कुमार ने नीतीश कुमार पर पार्टी को खत्म कर देने की साजिश रचने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि जेडीयू में पार्टी का विलय कराने के लिए नीतीश कुमार के लोग दबाव बना रहे थे इसीलिए पार्टी में जाने के लिए अलग हो गए।