कराड (महाराष्ट्र) : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र और देश में सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने वाली ताकतों से लडऩे की जरूरत है। महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे नीत सरकार में राकांपा नेता अजित पवार के उप मुख्यमंत्री बनने के एक दिन बाद पवार ने कराड में पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे कुछ लोग अन्य पार्टियों को तोडऩे की भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) की चाल का शिकार हो गए। शरद पवार कराड में, अपने गुरु एवं महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण के स्मारक पर पहुंचे और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
राकांपा प्रमुख के भतीजे अजित पवार के नेतृत्व में पार्टी में हुई टूट के एक दिन बाद, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शरद पवार (82) का दिवंगत चव्हाण के स्मारक प्रीतिसंगम का दौरा करने को शक्ति प्रदर्शित करने के तौर पर देखा जा रहा है।उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और देश में सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने की कोशिश की जा रही है। हमें उन ताकतों से लडऩे की जरूरत है, जो शांति पसंद करने वाले नागरिकों के बीच भय उत्पन्न करती हैं।
पवार ने कहा कि हमें अपने देश में लोकतंत्र को बचाने की जरूरत है। राकांपा प्रमुख ने कहा कि एक गलत प्रवृत्ति उभर रही है और उसने ही राज्य में पार्टी को तोडऩे की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इसके पीछे का मकसद इन साम्प्रदायिक विचारधाराओं के जरिए देश के मुद्दों को आगे ले जाना है, और इस प्रवृत्ति ने राज्य में उथल-पुथल करने में यही रुख अपनाया है। दुर्भाग्य से, हमारे कुछ सहकर्मी इन तरकीबों का शिकार हो गए। उन्होंने कहा कि साहू महाराज, (ज्योतिबा) फुले और (डॉ भीमराव) आंबेडकर की धरती, महाराष्ट्र के लोग अन्य दलों को तोडऩे में भूमिका निभाने वाली इन प्रवृत्तियों को उनकी सही जगह दिखाएंगे।