जयपुर : भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत की छवि में बड़ा बदलाव आया है और भारत के प्रधानमंत्री अब अमरीकी दौरे के दौरान सीमा पार आतंकवाद के बारे में बात नहीं करते हैं, जैसा पहले के प्रधानमंत्री किया करते थे। नड्डा ने कहा कि पहले जब भी अंतरराष्ट्रीय नेता भारत के बारे में चर्चा करते थे तो वह भारत और पाकिस्तान को एक साथ रख देते थे, लेकिन अब जब भारत की बात होती है तो कोई पाकिस्तान के बारे में बात नहीं करता। भरतपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने वंशवाद की राजनीति पर भी विपक्षी दलों पर हमला किया और कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां पार्टी एक परिवार है, जबकि अन्य सभी दल परिवार की पार्टी बन गए हैं।
भाजपा प्रमुख ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के कारण भारत की गरीबी 22 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत हो गई है और अत्यधिक गरीबी एक फीसदी से भी कम हो गई है। नड्डा ने कहा कि 2014 से पहले जब प्रधानमंत्री अमरीका जाते थे तो सीमा पार आतंकवाद पर चर्चा करते थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और अमरीका के रिश्ते नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए हैं। भाजपा नेता ने भरतपुर जिले में अपने संबोधन में कहा कि आज हमारे समझौते होते हैं तो अंतरिक्ष, क्रायोजेनिक इंजन, विदेशी निवेश (एफडीआई) पर समझौता है और एक दूसरे को तकनीकी सहायता देने पर भी समझौता होता है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद की बात हम नहीं करते, क्योकि मोदी जी के नेतृत्व में देश को सुरक्षित रख कर चलाने की हमने सामर्थ्य पैदा कर ली है और हम आगे बढ़ रहे है।
उन्होंने कहा कि 2014 के पहले जब भी कोई अंतर्राष्ट्रीय नेता भारत के बारे में चर्चा करता था तो हमेशा कहता था 'इंडिया एंड पाकिस्तान' मतलब हमको दोनों को साथ रख करके यह लडऩे वाले दो देश हैं। यह इंडिया एडं पाकिस्तान इस तरीके से हमारे को अंतर्राष्ट्रीय भाषा में, हमारे बारे में सम्बोधन होता था। 2014 में मोदी के आने के बाद भारत की चर्चा जब होती है। पाकिस्तान गौंण हो गया है, कोई चर्चा नहीं करता और भारत से जोडऩा समाप्त हो गया।' उन्होंने कहा कि हमको यह ध्यान रखना चाहिए कि हम लोगों ने एक नया राजनीतिक आयाम शुरू किया। दुनिया में, देश में सारी पार्टियांज् परिवार ही उनकी पार्टी बन गयी और यह भाजपा अकेली पार्टी है जहां पार्टी ही परिवार है। यह अंतर हमको समझना है बाकि सब पार्टियां परिवार की पार्टी बन गयी है।