वाशिंगटन : अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि अमेरिका और भारत की दोस्ती दुनिया में 'सबसे महत्वपूर्ण' है और द्विपक्षीय संबंध पहले से कहीं अधिक जीवंत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के दौरान अमेरिका और भारत के अपनी रणनीतिक प्रौद्योगिकी साझेदारी को और बढ़ाने के लिए कई प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर करने के बाद बाइडन ने यह बयान दिया। प्रधानमंत्री मोदी अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर 21 से 24 जून तक अमेरिका की राजकीय यात्रा पर थे।

यात्रा में उन्होंने राष्ट्रपति बाइडेन के साथ कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने अमरीकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। वह दो बार कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने वाले पहले भारतीय नेता हैं। बाइडेन दंपति ने उनके लिए राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी की, जिसमें प्रौद्योगिकी कंपनियों के प्रमुखों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ), उद्यमियों और अधिकारियों सहित करीब 500 लोगों ने शिरकत की थी। बाइडेन ने रविवार को ट्वीट किया, 'अमरीका और भारत के बीच की दोस्ती दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण संबंधों में से एक है। यह पहले से कहीं अधिक मजबूत, गहरी और जीवंत है।'

प्रधानमंत्री मोदी ने बाइडन के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, 'राष्ट्रपति जो बाइडेन, मैं आपकी बात से पूरी तरह से सहमत हूं। हमारे देशों की दोस्ती वैश्वक हित में है। इससे हमारी धरती और बेहतर तथा अधिक टिकाऊ बनेगी। उन्होंने कहा कि मेरी हाल की यात्रा में जिन मुद्दों पर चर्चा की गई है, उससे हमारे संबंध और मजबूत होंगे। व्हाइट हाउस ने अपने साप्ताहिक ईमेल में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राजकीय यात्रा ने अमेरिका और भारत के बीच गहरी तथा करीबी साझेदारी की पुष्टि की।