वाशिंगटन : राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि भारत और अमरीका नयी प्रौद्योगिकियों को डिजाइन और विकसित करने के लिए मिलकर काम करेंगे जो दुनिया भर में जीवन में बदलाव लाएंगी। उन्होंने रेखांकित किया कि वह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्विपक्षीय तकनीकी सहयोग में बाधा डालने वाले 'अवरोधकों' पर बातचीत करने के लिए दृढ़ हैं। बाइडन ने बृहस्पतिवार को व्हाइट हाउस में मोदी के साथ व्यापक बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत-अमरीका साझेदारी को परिभाषित करने में तकनीकी सहयोग एक अहम हिस्सा होगा। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि हम नई तकनीकों को डिजाइन और विकसित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं, जो दुनिया भर में लोगों के जीवन में बदलाव लाएंगी।' उन्होंने कहा कि एकसाथ मिलकर हम इसे संभव बनाने के लिए निजी और सार्वजनिक साझेदारों को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसमें भारत और अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों, भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों और उद्यमियों, वैज्ञानिकों और छात्रों के बीच एक नया कार्यक्रम शुरू करना शामिल है। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि सीधे शब्दों में कहें तो दोनों देश अपने संबंधों में नवाचार और सहयोग को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल हुए थे। बाइडेन ने कहा कि ये 'अवरोधक' तकनीकी साझेदारी में बाधा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जलवायु परिवर्तन और उससे निपटने, ब्रह्मांड की खोज करने, लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों का इलाज करने, महामारी को रोकने और नागरिकों को वास्तविक अवसर देने के बारे में है।
वैश्विक स्तर पर बदलाव लाने वाली प्रौद्योगिकियां विकसित करेंगे भारत और अमरीका : बाइडेन