जोधपुर : एक ऐसी ग्रीन गैलरी जिसे देखने पर वहां रुकने का मन करता है और हर कोई अपने वाहन को धीरे कर ग्रीन गैलेरी को देखने से रोक नहीं पाता है। यह वह जगह है जो सड़क के किनारे थी और यहां हर कोई कचरा डाल देता था लेकिन अब यहां की सूरत बदल चुकी है। ग्रीन गैलरी बॉटनिकल गार्डन जो अब बच्चों के खेलने की एक जगह बन चुकी है।

जोधपुर पुलिस लाइन रोड पर एक जगह ऐसी थी जो सड़क के किनारे तो थी, लेकिन यहां उसका कोई उपयोग नहीं हो पा रहा था। हर कोई यहां गंदगी डाल देता था। लेकिन अचानक एक व्यक्ति ने अपने 3 साथियों के साथ मिलकर इस जगह को बना दिया ग्रीन गैलरी। अब हर कोई यहां से जब गुजरता है तो इसे देखने के लिए रुकता जरूर है, और अगर अपने वाहन के  कारणकोई व्यक्ति रोक नहीं पाता है तो उसे धीरे कर इस ग्रीन गैलेरी को देखता जरूर है। पार्क की तस्वीर बदलने वाले संजय भंडारी और उनके साथी जोधपुर के अजीत कॉलोनी में रहते हैं। 2018 में उन्होंने इस जमीन को देखकर सोचा कि उसका कोई उपयोग नहीं हो रहा है तो उन्होंने जमीन के बेहतर उपयोग के लिए यहां 250 वैरायटी के 3500 पौधे लगा दिए। वहीं दूसरी तरफ इसी गार्डन में कबाड़ का बेहतर उपयोग किया गया है। इस कबाड़ के बेहतर उपयोग को देखकर आप भी इस ग्रीन गैलरी को बनाने वालों की तारीफ जरूर करेंगे। भंडारी और उनके साथियों ने बाइक के टायर, खाली बोतलें जैसे न जाने कितने कबाड़ की चीजों को यहां बेहतर तरीके से सजाया है। अब यहां दादा, बेटा और पोता और भी कई बच्चे और बुजुर्ग घूमने के लिए आते है।