हिंदू धर्म में पूजा-पाठ का बहुत अधिक महत्व होता है। कहा जाता है कि नियमित रूप से पूजा-पाठ करने से भगवान की कृपा बनी रहती है। साथ ही मानसिक शांति मिलती है। जो भी व्यक्ति सच्चे दिल से ईश्वर की पूजा और आराधना करता है, उसके जीवन में खुशियां बनी रहती हैं और कभी भी दुखों का सामना नहीं करना पड़ता है। यही वजह है कि लोग नियमित रूप से सुबह-शाम ईश्वर की आराधना करते हैं।  हालांकि शास्त्रों के पूजा-पाठ के लिए कुछ जरूरी नियम बनाए गए हैं, जिनका पालन करना सभी के लिए जरूरी है। ऐसे में चलिए जानते हैं पूजा की थाली में किन-किन चीजों को रखना चाहिए...  

दीपक : पूजा के बाद आरती करने का विधान है। ऐसे में अपनी पूजा की थाली में दीपक जरूर शामिल करना चाहिए। दीपक में तिल का तेल या घी होना चाहिए। आरती करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है और घर के कलेश दूर होते हैं।

फूल : देवी-देवता की पूजा में फूल का इस्तेमाल जरूर किया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान को फूलों की सुगंध बहुत प्रिय होती है। फूलों के बिना देवी-देवताओं की पूजा अधूरी मानी जाती है। 

भोग का प्रसाद : प्रसाद के बिना भगवान की पूजा अधूरी मानी जाती है। इसलिए पूजा की थाली में प्रसाद के रूप में मिठाई, मिश्री या लाचिदाना और नारियल जरूर रखें। 

घंटी : पूजा की थाली में घंटी जरूर रखें। ऐसी मान्यता है कि मंदिर में प्रवेश के समय घंटी बजाने से देवी-देवताओं में चेतना जागृत होती है और उनका आकर्षण भक्तों की ओर बढ़ता है। इसलिए पूजा की शुरुआत हमेशा घंटी बजाकर करनी चाहिए।  

जल से भरा कलश : पूजा के बाद भगवान को जल दिया जाता है। इससे भगवान प्रसन्न होते हैं। इसलिए अपनी पूजा की थाली में जल से भरा कलश जरूर रखें। साथ ही पानी में गंगाजल भी मिलाएं।