नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को दावा कि यदि विपक्षी पार्टियां 2024 के लोकसभा चुनाव में एकजुट नहीं हुईं तो संभव है कि 'अगली बार देश में चुनाव ही न हो'। आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता और दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में यह दावा भी किया कि यदि नरेंद्र मोदी 2024 में फिर से प्रधानमंत्री चुने जाते हैं तो संभावना है कि वह संविधान को बदल दें और जब तक वह जीवित रहें तब तक के लिए खुद को देश का 'राजा' घोषित कर दें।

पटना में 23 जून को होने वाले विपक्षी दलों की बैठक के लिए आप के मुद्दों के बारे में पूछे जाने पर भारद्वाज ने कहा कि अब बड़ा मुद्दा यह है कि यदि विपक्षी दल एक साथ आकर (2024 का चुनाव) नहीं लड़ते हैं, तो संभव है कि अगली बार देश में चुनाव न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को रौंद रही है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ सीबीआई (केंद्रीय अन्वेष्ण ब्यूरो), ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और आईटी (आय कर विभाग) के छापे मारे जा रहे हैं और उन्हें सलाखों के पीछे डाला जा रहा है, ऐसी संभावना है कि यदि नरेंद्र मोदी 2024 में  प्रधानमंत्री बनते हैं तो वह संविधान को बदल देंगे और घोषणा करेंगे कि जब तक वह जीवित हैं, वह इस देश के राजा रहेंगे, और इस देश की आजादी, जिसके लिए अनगिनत लोगों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए, खो जाएगी।