क्रोसुरु (आंध्र प्रदेश) : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं द्वारा गत दो दिनों से वाई एस जगन मोहन रेड्डी की अगुवाई वाली आंध्र प्रदेश सरकार के खिलाफ लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि वह केवल ईश्वर की कृपा और जनता के आशीर्वाद में विश्वास करते हैं। राज्य में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष रेड्डी ने पालनाडु जिले के क्रोसुरु गांव में स्कूली छात्रों को मुफ्त शिक्षा किट वितरित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ये टिप्पणी की।
उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा जगन का समर्थन नहीं कर सकती है, लेकिन आपका जगन उन पर विश्वास नहीं करता है। क्या आप जानते हैं कि आपका जगन किस पर विश्वास करता है? वह ईश्वर की कृपा और आपके आशीर्वाद में विश्वास करता है। रेड्डी सोमवार को राज्य सरकार द्वारा साझा किए गए एक वीडियो लिंक में कुछ स्थानीय मीडिया घरानों और जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण द्वारा की गई आलोचनाओं के बारे में भी बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं।