वाराणसी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार भारत के उत्थान और वैश्विक मंच पर मानवता के कल्याण के लिए काम कर रही है। दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे योगी ने यहां  टिफिन बैठक  को संबोधित करते हुए कहा कि आज का भारत अगर मैत्री निभाना जानता है तो दुश्मन की मांद में घुसकर जवाब देना भी उसे अच्छी तरह आता है। योगी ने दावा किया,  पूरी दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और भारतीय जनता पार्टी भारत के उत्थान और वैश्विक मंच पर मानवता के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से भाजपा कार्यकर्ताओं में विचारधारा और संगठन के प्रति आत्मीय भाव पैदा करने के लिए आज प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में टिफिन बैठकों का आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी में टिफिन बैठक में शामिल होने पर मुझे अत्यंत हर्ष की अनुभूति हो रही है। हम सब ने नौ साल में भारत की बदलती तस्वीर को देखा है। 2014 से पहले का भारत और उसके बाद का भारत हमारे सामने है। पहले देश के अंदर बड़े-बड़े आंदोलन चल रहे थे। सरकार के प्रति जनता में गुस्सा, आक्रोश और अविश्वास देखने को मिल रहा था।

प्रतिदिन एक नया भ्रष्टाचार सामने आता था। आंतरिक और बाह्य सुरक्षा खतरे में थी, लेकिन पिछले नौ साल में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। योगी ने कहा कि हाल ही में पीएम मोदी के छह दिवसीय यात्रा को हम सबने देखा है। यह यात्रा भारत की बढ़ती ताकत का अहसास कराती है। अन्य देशों में भारत की कैसी प्रतिष्ठा बढ़ी है, आप सबने देखा है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि  आज भारत दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था है। अगले दो-तीन साल में हम दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं। कश्मीर कभी अशांत और आतंकवाद की चपेट में था। आज वह शांति की नई राह पर बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के राज्य में कभी उग्रवाद चरम पर था, आज उन राज्यों में बीजेपी की सरकार होने से वे विकास और नए विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।