कई आशंकाओं और दावों के बीच भारत में कोरोना की तीसरी लहर करीब दिखाई दे रही है। एक विदेशी ब्रोकरेज फर्म ने आगाह किया है कि डेल्टा वैरिएंट के बढ़ते मामलों और वायरस के म्यूटेट होने से देश में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जल्द सच में बदल सकती है। वहीं, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) ने दुनिया में थर्ड वेव शुरू होने का ऐलान कर दिया है। संगठन के चीफ डॉ. टेड्रोस गेब्रेयेसस ने बुधवार को देशों को चेतावनी दी कि वे कोरोना की तीसरी लहर के शुरुआती फेज में आ चुके हैं। हृ न्यूज के मुताबिक, हेल्थ एक्सपर्ट ने कोरोना के मामलों और मौतों में हाल में हुई बढ़ोतरी पर अलार्म बजाया है। यूरोप और नॉर्थ अमरीका में वैक्सीनेशन कवरेज बढ़ने से इनमें गिरावट आई थी। यूनाइटेड नेशंस की मीडिया विंग का कहना है कि दुनिया भर में लगातार चौथे हफ्ते कोरोना के मामलों में बढ़त दर्ज की गई है। 10 हफ्ते की गिरावट के बाद मौतें भी दोबारा बढ़ने लगी हैं। डब्ल्यूएचओ चीफ ने कहा कि वायरस लगातार खुद में बदलाव कर रहा है। इसके साथ ही यह ज्यादा संक्रामक होता जा रहा है। उन्होंने बताया कि डेल्टा वैरिएंट अब 111 से ज्यादा देशों में पहुंच चुका है। यह जल्द ही पूरी दुनिया में भी फैल सकता है। वायरस का अल्फा वैरिएंट 178 देशों में,बीटा 123 देशों में और गामा 75 देशों में मिल चुका है। दुनिया में सबसे ज्यादा नए केस ब्राजील में मिल रहे हैं। बीते 24 घंटों में इनकी संख्या 57 हजार से ज्यादा रही। पिछले हफ्ते यहां 3.49 लाख केस मिले। भारत में अब तक बच्चों को टीका लगाने की मंजूरी नहीं है। इंडोनेशिया में बच्चों को तीसरी लहर के असर से बचाने के लिए वैक्सीन लगाई जा रही है। भारत में अब तक बच्चों को टीका लगाने की मंजूरी नहीं है। यूबीएस सिक्योरिटीज इंडिया की चीफ इकोनॉमिस्ट तन्वी गुप्ता जैन ने कहा है कि कई राज्य पाबंदियों में ढील दे रहे हैं, बाजार खुल रहे हैं, इस वजह से तीसरी लहर का जोखिम और ज्यादा हो गया है। देश में वैक्सीनेशन की रफ्तार भी धीमी पड़ने लगी है। यूबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले भारत में औसतन 40 लाख डोज हर दिन लगाए जा रहे थे। अब यह संख्या 34 लाख तक आ गई है। यह स्थिति इसलिए भी खतरनाक है क्योंकि अब 45प्रतिशत केस ग्रामीण इलाकों में सामने आ रहे हैं।