पारामारिबो : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत, सूरीनाम के साथ अपने अनुभवों को साझा करने और उसकी प्रगति एवं विकास में सहयोग करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि दोनों देश भौगोलिक रूप से एक दूसरे से अलग हो सकते हैं, लेकिन साझा इतिहास और धरोहर के माध्यम से एक दूसरे से जुड़े हैं। राष्ट्रपति मुर्मू तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर रविवार को सूरीनाम पहुंचीं। पिछले साल जुलाई में राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है।

राष्ट्रपति मुर्मू और उनके समकक्ष चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने मंगलवार को यहां भारतीय समुदाय और फ्रेंड्स ऑफ इंडिया के लिए भारतीय दूतावास की मेजबानी में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित किया। इसके बाद राष्ट्रपति अपनी राजकीय यात्रा के अंतिम चरण में बेलग्रेड के लिए रवाना हुईं।सूरीनाम में स्वागत समारोह प्रारंभ होने से पहले, ओडिशा के बालासोर में रेल दुर्घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस रेल दुघर्टना में कम से कम 278 लोगों की मौत हो गई और 900 से अधिक लोग घायल हुए हैं।