गुवाहाटी: जलवायु परिवर्तन और शून्य अपशिष्ट के क्षेत्र में काम करने वाली गुवाहाटी स्थित गैर-सरकारी संस्था दिवित फाउंडेशन ने विश्व पर्यावरण दिवस को पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया। नेहरू युवा केंद्र कामरूप के सहयोग से संस्था ने विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में कई पौधे वितरित किए। संस्था ने संबंधित प्राधिकरण और छात्रों से पौधों की देख-भाल करने का आह्वान किया और भविष्य में इस तरह के और अधिक पौधारोपण अभियान चलाने का वादा किया।
फाउंडेशन के अध्यक्ष रवि श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था की ओर से शिक्षाप्रद पत्रक वितरित करके प्लास्टिक कचरे के खतरनाक प्रभावों के बारे में जागरूकता पैदा की गई और छात्रों से प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के लिए रिफ्यूज, रिड्यूस, रीसायकल मॉडल लागू करने का आह्वान किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रथम असम बटालियन के एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य उत्पल शर्मा ने की। वहीं कार्यक्रम में डॉ.राणा शर्मा,फारुक अहमद, गिरिजा नंद चौधरी, बिटुपन शर्मा समेत स्थानीय लोगों ने भाग लिया।